
पूर्वोत्तर राज्य असम के गुवाहाटी शहर में आगामी 25 से 31 अक्तूबर तक अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गुवाहाटी में दूसरी बार होने जा रहा है। सात दिनों तक चलने वाले इस फिल्म फेस्टिवल में फिल्मों का प्रदर्शन राजधानी गुवाहाटी के पांजाबारी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र और काहिलीपारा स्थित फिल्म स्टूडियो ज्योति चित्रवन में किया जाएगा। इस दौरान दुनिया के सात देशों की कुल 108 फिल्में दिखाई जाएंगी।इस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने के लिए 30 देशों के प्रतिनिधि, कलाकार, कला क्षेत्र से जुड़े लोग गुवाहाटी पहुंचेंगे। इस दौरान पूर्वोत्तर भारत की आठ राज्यों की फिल्मों के बीच एक प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल को सफल बनाने के लिए असम सरकार के सांस्कृतिक विभाग द्वारा विभिन्न स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव में हॉलीवुड मेंं अपनी पहचान बना चुकी अभिनेत्री व असम पर्यटन की ब्रांड एंबेस्डर प्रियंका चोपड़ा के प्रोडक्शन हाउस पर्पल पेबल पिक्चर्स के बैनर तले बनी पहली फिल्म भगा खिड़की-ब्रोकेन विंडो के प्रीमियर शो का प्रदर्शन 25 अक्टूबर को द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ इसी फिल्स से किया जाएगा।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NUZd4u

